यमुनानगर:52 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
यमुनानगर, 01 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर पुलिस की अपराध शाखा-एक ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 52 ग्राम 82 मिलीग्राम स्मैक के साथ एक युवक को शनिवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ के लिए रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी।
अपराध शाखा-एक के प्रभारी राजकुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक पांजूपुर नहर पुल के पास से मोटरसाइकिल पर नशीला पदार्थ लेकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 52 ग्राम 82 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान रायपुर निवासी मुंसाद के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। प्रभारी राजकुमार के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लक्कड़ मंडी में पल्लेदारी का काम करता है। रिमांड के दौरान उससे नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार