यमुनानगर:स्मैक के साथ पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार
यमुनानगर, 27 नवंबर (हि.स.) यमुनानगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फर्कपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक को 10.63 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव मंडेबर निवासी रविंदर शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच कर रही है। फर्कपुर पुलिस चौकी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव मंडेबर के पास एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू कर लिया।
इसके बाद नियमानुसार तलाशी की कार्रवाई के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं ईटीओ संदीप कुमार को मौके पर बुलाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में युवक की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10.63 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लेकर आया था और इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता है या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार