एचईआरसी अध्यक्ष नंद लाल शर्मा पंचतत्व में विलीन

 

चंडीगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष नंद लाल शर्मा का गुरुवार दोपहर चंडीगढ़ में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विद्युत क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

नन्द लाल शर्मा ने 2 फरवरी, 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की थी। इससे पूर्व वे एसजेवीएन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के ढोहक गांव के निवासी शर्मा अपनी प्रशासनिक दक्षता, सादगी और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए जाने जाते थे। एसजेवीएनएल में उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को शर्मा नई दिल्ली में विद्युत क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेकर पंचकूला स्थित अपने आवास लौटे थे। उसी रात उन्हें अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए और परिजनों ने भी हरसंभव कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान 23 जुलाई को तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली।उनके निधन का समाचार मिलते ही हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग, एसजेवीएनएल तथा उनके पैतृक गांव ढोहक (जिला ऊना) सहित पूरे विद्युत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार सुबह आयोग के सदस्य मुकेश गर्ग, सदस्य शिव कुमार, सचिव प्रशांत देष्टा सहित आयोग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आयोग के कोर्ट रूम में आयोजित शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने उनके असामयिक निधन को विद्युत क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया।मनीमाजरा श्मशान घाट में उनके पुत्र अभिनव शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। शर्मा अपने पीछे पत्नी ललिता शर्मा, पुत्र अभिनव शर्मा, पुत्री अदिति शर्मा तथा दामाद वासु डोगर सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।अंतिम संस्कार में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, हरियाणा विद्युत विभाग की प्रधान सचिव आशिमा बराड़, पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एच.एस. भल्ला, पंजाब राज्य विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष संजय गुप्ता, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल चन्द्रशेखर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम कुमार गौतम, अश्विनी शर्मा, पंकज राय, यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, एसजेवीएनएल की पूर्व सीएमडी गीता कपूर, ललित जैन, पूर्व विद्युत मंत्री प्रो. सम्पत सिंह, एचईआरसी के पूर्व अध्यक्ष जगजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा