हिसार : हरियाणा में 28 से फिर सक्रिय होगा मानसून, उत्तरी जिलों में तेज बारिश के आसार

 


पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में भी हल्की से मध्यम

वर्षा के आसार

हिसार, 24 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में पिछले कुछ

दिनों से मानसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है, लेकिन अब प्रदेशवासियों के लिए राहत भरी

खबर है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर जोर

पकड़ेगा और राज्य के उत्तरी जिलों में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने

की संभावना है, वहीं पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में भी हल्की से मध्यम वर्षा के आसार

हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में मानसून

ट्रफ की उत्तरी सीमा जैसलमेर, गुना, सीधी और डेल्टागंज होते हुए बंगाल की खाड़ी तक

बनी हुई है। इसके कारण फिलहाल प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कुछ कमजोर बनी हुई हैं

और केवल कहीं-कहीं बारिश दर्ज की जा रही है। हालांकि अरब सागर से आने वाली नम हवाओं

तथा दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के

प्रभाव से 25 से 27 जुलाई के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं

के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 जुलाई के बाद मानसून

ट्रफ उत्तर की ओर खिसकेगी, जबकि बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं का प्रवाह बढ़ने

से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इसके प्रभाव से 28 से 30 जुलाई के बीच

उत्तरी हरियाणा के अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। हिसार, भिवानी,

सिरसा, फतेहाबाद, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और अन्य पश्चिमी एवं दक्षिणी जिलों में हल्की

से मध्यम वर्षा की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की जा सकती है।

एचएयू के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन

खीचड़ ने शुक्रवार काे बताया कि इस अवधि में हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा। इसके कारण

दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि रात्रि तापमान में गिरावट आने के

आसार हैं। बदलते मौसम को देखते हुए ही किसानों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुरूप कृषि

कार्यों की योजना बनाने तथा आम नागरिकों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी

बरतने की सलाह दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर