सोनीपत: मेहनत से मिली सफलता, एचसीएस टॉपर अभिषेक का हुआ स्वागत
सोनीपत, 10 अक्टूबर (हि.स.)। सोनीपत।
हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) परीक्षा में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले बली
कुतुबपुर गांव के अभिषेक सरोहा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य
एवं सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के मन की बात कार्यक्रम के संयोजक आजाद सिंह नेहरा ने उनके
निवास पर पहुंचकर शनिवार को सम्मानित किया।
उन्होंने अभिषेक की सफलता को युवाओं के
लिए प्रेरणादायक बताया। आजाद
सिंह नेहरा ने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि के पीछे परिवार के संस्कार, शिक्षा और मेहनत
की अहम भूमिका है। अभिषेक के दादा रामकिशन ने अध्यापक के रूप में समाज को अपनी सेवाएं
दीं और अपने दोनों बेटों तेजेंद्र तथा जगबीर को अच्छे संस्कार दिए। आज दोनों भाई मिलकर
गोहाना में विद्यालय चला रहे हैं। जगबीर सिंह ने भी अपने बच्चों को संस्कार और शिक्षा
के महत्व से जोड़कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इसी का परिणाम है कि अभिषेक ने एचसीएस
परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
नेहरा
ने कहा कि युवाओं को अभिषेक की सफलता से सीख लेकर लक्ष्य तय करना चाहिए और उसे पाने
के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां परिवार के साथ-साथ
गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन करती हैं। इस मौके पर रणबीर नेहरा और नरेंद्र नेहरा
भी मौजूद रहे।
अभिषेक
सरोहा ने युवाओं के लिए संदेश में कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट रखें और नियमित
मेहनत करें। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखें और अपने प्रयास जारी रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना