सेना मुख्यालय दिल्ली में तैनात सोनीपत निवासी हवलदार का निधन

 




सरकारी सम्मान के साथ हुआ संस्कार

सोनीपत, 16 सितंबर (हि.स.)। आर्मी हेडक्वार्टर दिल्ली में तैनात हवलदार संदीप कुमार का सोमवार रात नाइट ड्यूटी

के दौरान अचानक सीने में दर्द होने से निधन हो गया। उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया

गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। मंगलवार रात गन्नौर में उनका

अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया गया। ज्येष्ठ पुत्र शौर्य ने पिता को

मुखाग्नि दी। सेना की इंटेलिजेंस कोर और 11 मीडियम रेजिमेंट के जवानों ने उन्हें अंतिम

सलामी दी।

संदीप

के पिता शेखपुरा निवासी कैप्टन जगदीश चंद ने बताया कि वे गन्नौर में रह रहे हैं। संदीप

कुमार वर्ष 2002 में सेना में भर्ती हुए थे। वे वर्तमान में दिल्ली में तैनात थे और

ड्यूटी एनसीओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सोमवार रात ड्यूटी के दौरान अचानक सीने में

तकलीफ हुई। इसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास

के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

संदीप

का जन्म वर्ष 1984 में हुआ था। वर्ष 2003 में उनकी शादी पुष्पा देवी से हुई थी। उनके

दो बेटे शौर्य (20) और ग्रीक (16) हैं। परिवार वर्तमान में गन्नौर के गढ़ी झज्जारा

रोड स्थित गांधी नगर में रहता है। उनके भाई सूबेदार सतीश चंद पार्थिव शरीर लेकर गन्नौर

पहुंचे। परिजनों ने बताया कि संदीप का बचपन उसी सैन्य क्वार्टर में बीता, जहां कभी

उनके पिता हेड क्लर्क के पद पर तैनात रहते थे। बाद में संयोग से वही क्वार्टर संदीप

को भी आवंटित हुआ। सेवा के दौरान कश्मीर से उनकी पोस्टिंग दिल्ली हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना