हरियाणा की पूजा ने जूनियर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झटका स्वर्ण
हिसार, 30 मई (हि.स.)। हरियाणा की पूजा ने जूनियर
एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अर्जित करके भारत का नाम रोशन किया है।
चार दिवसीय यह चैम्पियनशिप हांगकांग में इस समय चल रही है जिसका समापन 31 मई को होगा।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक व
मीडिया प्रभारी (खेल) सत्यवीर धनखड़ ने शनिवार काे बताया कि जूनियर एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ की टीम में पुरुष और महिला सहित 51 खिलाड़ियों का दल भाग ले
रहा है और इस भारतीय दल में हरियाणा के तीन खिलाड़ी भी शामिल हैं। भारतीय एथलेटिक्स
महासंघ की टीम में शामिल फतेहाबाद की पूजा (हरियाणा) ने हाई जंप इवेंट में एक मीटर
93 सैंटीमीटर की ऊंची छलांग लगाकर नया भारतीय रिकार्ड बनाकर स्वर्ण पदक विजेता बनकर
चीन की धरा पर भारतीय ध्वज फहराकर भारत देश का गौरव बढ़ाया।
नेशनल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी
को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सदस्य राजकुमार मिटान, एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष
दिलबाग सिंह व वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं
दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर