कैथल: महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मीना परमार

 


कैथल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा तथा सशक्तीकरण को लेकर गंभीर है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं। लाडो लक्ष्मी योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर शिक्षा और आत्मविश्वास के बल पर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। वे गुरुवार को आईजी कॉलेज में आयोजित वीरांगना युवती सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि छात्राओं को संबोधित कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 33 महिला थाने स्थापित किए गए हैं। वहीं, बेटियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हर 20 किलोमीटर के दायरे में महिला कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि बेटियों को शिक्षा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान बना सकें।

हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने छात्राओं को आयोग की भूमिका और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि आयोग महिलाओं के मान-सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महिला आयोग महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। किसी भी महिला को परेशानी होने पर आयोग के समक्ष अपनी शिकायत रखनी चाहिए ताकि मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जा सकें।

मीना परमार ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने, छात्रावासों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में उनकी समस्याओं को उठाने तथा उनके समाधान के लिए परिषद की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही परिषद पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। सम्मेलन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्य तनु पूनिया, रामबहादुर खुरानिया, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग, डॉ. सुरेंद्र आर्य, डॉ. आनंद कुमार, रोहित कुमार, सुनील, डॉ. श्वेता तंवर, डॉ. हेमलता, सुनीता शर्मा, एसएचओ वीना सहित कॉलेज की छात्राएं मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे