सरकार ने 23 आईएएस अधिकारियों का किया तबादला
-वुंडरू से खाद्य एवं आपूर्ति लिया, परिवहन बना रहेगा
-आईएएस मुकुल कुमार होंगे निकाय विभाग के निदेशक
चंडीगढ़, 19 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने विधानसभा का बजट सत्र सम्पन्न होते ही बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किया है। बृहस्पतिवार को 23 आईएएस अधिकारियों के नियुक्ति एवं स्थानांतरण आदेश जारी किए गए। इनमें सोनीपत डीसी को भी बदला गया है। सोनीपत के उपायुक्त सुशील सारवान की जगह अब 2015 बैच की आईएएस नेहा सिंह को सोनीपत की नई डीसी के पद पर तैनात किया गया है। वहीं सुशील सारवान को एचएसआईआईडीसी का एमडी के पद पर नियुक्ति दी गई है। वे हरियाणा फाइनेंशियल कॉरपोरेशन के एमडी भी होंगे।
डॉ़ राजा शेखरू वुंडरू से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग वापस लिया है। हालांकि परिवहन विभाग उनके पास बना रहेगा। साथ ही, विजय सिंह दहिया से लेकर उन्हें प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी का अतिरिक्त मुख्य सचिव भी लगाया है। समाज कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ़ जी़ अनुपमा से मानव संसाधन विभाग वापस लेकर इसकी जगह उन्हें नागरिक उड्डयन विभाग विभाग दिया है। एके सिंह से टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग लेकर उन्हें उच्चतर शिक्षा विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया है।
साथ ही पीडब्ल्यूडी (भवन एवं सडक़ें) विभाग का जिम्मा भी उन्हें सौंपा है। वहीं अनुराग अग्रवाल से पीडब्ल्यूडी लेकर उन्हें अब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया है। सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वियजेंद्र कुमार को कृषि विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव लगाया है। साथ ही, उन्हें इन्कम इन्हांसमेंट बोर्ड का ओएसडी लगाया है। सैनिक एवं अर्ध-सैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का जिम्मा उनके पास पहले की तरह बना रहेगा।
विजय सिंह दहिया को स्कूल शिक्षा विभाग का प्रधान सचिव लगाया है। पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव के साथ-साथ उन्हें खेल विभाग का भी प्रधान सचिव नियुक्त किया है। आबकारी एवं कराधान विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशीमा बराड़ को उर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। मानव संसाधन विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के सीईओ पीसी मीणा को फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के सीईओ का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अतिरिक्त प्रधान सचिव साकेत कुमार को सरकार ने सहकारिता विभाग का आयुक्त एवं सचिव भी नियुक्त किया है। हालांकि उनके शहरी स्थानीय निकाय विभाग वापस लिया गया है। सीएम के एपीएस व सहकारिता विभाग के साथ-साथ उनके पास विकास एवं पंचायत विभाग का आयुक्त एवं सचिव भी नियुक्त किया है। हरियाणा बिजली उत्पादन निगम लिमिटेड के एमडी का जिम्मा भी उनके पास रहेगा।
राज्यसभा चुनाव में रिटर्निंग अधिकारी (रहे) पंकज अग्रवाल से कृषि विभाग लेकर अब उन्हें सिंचाई तथा जल संसाधन विभाग का प्रधान सचिव लगाया है। साथ ही, सरस्वती हेरिटेज बोर्ड का एडवाइजर भी उन्हें बनाया गया है। पंकज अग्रवाल को और भी पावरफुल बनाते हुए सरकार ने उन्हें खनन एवं भू-विज्ञान विभाग का प्रधान सचिव भी लगाया है।
हरियाणा भवन, नई दिल्ली की एडिशनल रेजिडेंट कमिश्नर ए़ मोना श्रीनिवासन को प्रमोट करते हुए सरकार ने अब रेजिडेंट कमिश्नर बनाया है। वहीं सोनीपत मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी की सीईओ पहले की तरह बनी रहेंगी। फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलेपमेंट अथॉरिटी के सीईओ ज़े गणेशन को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया है। हाउसिंग फॉर ऑल के महानिदेशक के साथ-साथ हारट्रोन के एमडी सहित कई पुराने विभाग भी उनके पास बने रहेंगे।
अशोक कुमार मीणा को भी सरकार ने प्रमोट कर दिया है। अभी तक शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक रहे अशोक कुमार मीणा अब इसी विभाग के आयुक्त एवं सचिव होंगे। विदेश सहयोग विभाग के महानिदेशक का जिम्मा उनके पास पहले की तरह बना रहेगा। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी मनीराम शर्मा को सहकारी समितियां, हरियाणा का रजिस्ट्रार बनाया है।
हैफेड के प्रबंध निदेशक मुकुल कुमार को सरकार ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग का निदेशक नियुक्त किया है। स्टेट अर्बन लाइवहुड मिशन एंड स्टेट अर्बन डेवलेपमेंट अथॉरिटी का मिशन डायरेक्टर भी मुकुल कुमार होंगे। आतिथ्य सत्कार विभाग के निदेशक का जिम्मा उनके पास पहले की तरह बना रहेगा। एचएसआईआईडीसी के एमडी डॉ़ आदित्य दहिया को यहां से बदल कर हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड का एमडी लगाया है। डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर के निदेशक भी वे होंगे।
नियुक्ति आदेशों का इंतजार कर रहे विजय कुमार सिद्दपा को सरकार ने हैफेड का एमडी नियुक्त किया है। गन्नौर में इंटरनेशनल हार्टिकल्चर मार्केटिंग कॉरपोरेशन का एमडी भी उन्हें लगाया है। हरियाणा मिनरल्स के एमडी विकुम को उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के एमडी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट की एडिशनल डायरेक्टर वर्षा खंगवाल को हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर मनीता मलिक को एलिमेंटरी एजुकेशन का निदेशक लगाया है। इसी तरह से कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की एडिशनल डायरेकटर वंदना दिसोदिया को इसी विभाग की निदेशक नियुक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा