हरियाणा: स्कूल शिक्षकों के लिए राहत, दो सप्ताह में शुरू होगी ट्रांसफर ड्राइव
-डीएसई के साथ सलाह की बैठक में कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा
चंडीगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के स्कूल कैडर लेक्चरर्स और पीजीटी शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा (सलाह) और माध्यमिक शिक्षा निदेशक (डीएसई) के बीच हुई अहम बैठक में लंबे समय से लंबित कई मुद्दों पर सहमति बनी। बैठक में अगले सप्ताह से पात्र पीजीटी शिक्षकों की कन्फर्मेशन प्रक्रिया शुरू करने, दो सप्ताह के भीतर ट्रांसफर ड्राइव चलाने, 1500 क्लस्टर स्कूलों में वाइस प्रिंसिपल पद सृजित करने, सीसीएल के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू करने और लंबित एसीपी मामलों के निपटान सहमति बनी।
निदेशक ने बताया कि अगले सप्ताह सभी जिला शिक्षा अधिकारियों से आवश्यक विवरण प्राप्त कर पात्र शिक्षकों की कन्फर्मेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा लंबे समय से प्रतीक्षित ट्रांसफर ड्राइव भी अगले दो सप्ताह के भीतर शुरू करने की जानकारी दी गई। साथ ही रिक्त पद उपलब्ध होने पर प्रिंसिपल पदोन्नति के लिए दोबारा आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
बैठक में लगभग 1500 क्लस्टर स्कूलों में वाइस प्रिंसिपल के पद सृजित करने का प्रस्ताव तैयार किए जाने की जानकारी भी साझा की गई। संगठन ने इसे स्कूल प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पीएम-श्री, मॉडल संस्कृति और सीएम-ईईई स्कूलों में नियुक्तियों को लेकर भी चर्चा हुई।
संगठन ने मांग रखी कि पहले से परीक्षा दे चुके पीजीटी एवं लेक्चरर्स को दोबारा टेस्ट से छूट दी जाए, लेकिन निदेशक ने स्पष्ट किया कि सीएम-ईईई स्कूलों के लिए अलग परीक्षा आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है। बैठक में यह भी आश्वासन दिया गया कि निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले हाई स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में अपग्रेड किया जाएगा।
सलाह ने 10 प्रतिशत से कम बोर्ड परिणाम के आधार पर शिक्षकों को जारी चार्जशीट वापस लेने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना था कि कई मामलों में संबंधित शिक्षक के विषय का परिणाम संतोषजनक होने के बावजूद उन्हें चार्जशीट दी गई, जो न्यायसंगत नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा