हरियाणा: सात साल में मर्ज हुए 137 स्कूलाें काे दाेबारा खाेला

 

चंडीगढ़, 19 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर पिछले सात वर्षों के भीतर 400 स्कूलों को पड़ोस के स्कूलों के साथ मर्ज किया है। विधानसभा में शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन शुक्रवार को हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।

अर्जुन चौटाला ने वर्ष 2019 से लेकर अब तक मर्ज किए गए स्कूलों का ब्यौरा तथा समायोजन के बाद संबंधित स्कूलों के दाखिले में हुई वृद्धि को लेकर सरकार से जानकारी मांगी। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि वर्ष 2019 में 25 से कम विद्यार्थियों वाले 66 स्कूलों का समायोजन एक किलोमीटर के दायरे में आते दूसरे स्कूलों में किया गया।

इसके बाद वर्ष 2021 में सरकार ने नियमों को बदला और केवल नौ विद्यार्थियों वाले 46 स्कूलों का समायोजन किया। वर्ष 2022 में 180 राजकीय प्राइमरी पाठशाला, 103 राजकीय माध्यमिक विद्यालय तथा चार राजकीय उच्च विद्यालयों को मर्ज किया गया है। इसी प्रकार वर्ष 2023 में एक विद्यालय को मर्ज किया गया है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि उक्त अवधि के दौरान समायोजित किए गए 400 स्कूलों में से दोबारा छात्रों की संख्या बढऩे पर 137 स्कूलों को फिर से खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं कि भविष्य में भी अगर किसी स्कूल में मानकों के अनुसार विद्यार्थियों के दाखिले होते हैं तो उन्हें दोबारा खोल दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा