हरियाणा में खोली जाएंगी 52 स्टेटिकल कृषि लैब

 

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की बैठक में राज्य में किसानों की कृषि भूमि में नाइट्रोजन की जांच करने के लिए 28 लाख रुपये की लागत से आधुनिक तकनीक की 52 स्टेटिकल कृषि लैब खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में राजस्व, कृषि एवं किसान कल्याण, क्रीड, स्किल डेवलपमेंट, गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, बिजली निगम, लोक निर्माण विभाग, जनस्वास्थय, सिंचाई तथा हरियाणा राज्य इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन सहित कई विभागों के लगभग 1468.25 करोड़ रुपये के 32 कार्यों की भी स्वीकृति प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि इन स्टेटिकल लैब से हर साल लगभग 12 लाख किसानों की भूमि की मिट्टी की जांच के नमूने लेकर नाइट्रोजन यूरिया की जांच कर कृषि भूमि में उपयोग होने वाली यूरिया की मात्रा की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि किसान निर्धारित मात्रा में उपयोग कर जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ सकें। विशेषकर मोरनी क्षेत्र में लिए गए लक्ष्य अनुसार 4000 एकड़ भूमि में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के सभी कोर्ट केस के मामलों का सही निपटान सुनिश्चित करने के लिए राजस्व कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम को भी स्वीकृति प्रदान की। इससे प्रदेश के सभी राजस्व कार्यालयों में राजस्व संबंधी कोर्ट के मामलों का पारदर्शी ढंग से निपटान सुनिश्चित किया जाएगा। लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से आरम्भ होने वाले इस सिस्टम से जमीन के बंटवारे सहित सभी प्रकार के कानूनी विवादों का निपटारा हो सकेगा।

बैठक में कौशल्या डैम पंचकूला का पक्का कार्य करने, यमुना वाटर सेवाएं सर्कल रोहतक में भालोठ सब ब्रांच की आरडी 124000 से 156014 तक की रिकंस्ट्रक्शन, बरवाला ब्रांच से हिसार एयरपोर्ट पर कच्चे पानी के लिए पम्पिंग स्टेशन बनाने तथा राणा डिस्ट्रीब्यूटरी का निर्माण करने के कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार पंचकूला बस स्टैंड रोटरी से ट्रैफिक लाईट 4-11 चौक तक बरसाती पानी की निकासी के लिए ड्रेन का निर्माण करवाने तथा पिंजौर कालका अर्बन कॉम्पलेक्स सेक्टर 29 में 10 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की मंजूरी दी गई।

बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, जनस्वास्थय अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा