हिसार: शूटआउट में पंजाब को 4-2 से हराकर हरियाणा हॉकी के फाइनल में पहुंचा
हिसार, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हॉकी हरियाणा ने 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर
पुरुष नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। उत्तर प्रदेश के झांसी में खेले
गए रोमांचक सेमीफाइनल में हरियाणा ने पंजाब को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया। निर्धारित
समय तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं। शूटआउट में हरियाणा के गोलकीपर अंकित मलिक
ने दो शानदार बचाव कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ
खिलाड़ी घोषित किया गया।
हॉकी हरियाणा के कोच द्रोणाचार्य अवार्डी संदीप
सांगवान ने साेमवार काे बताया कि मुकाबले की शुरुआत से ही हरियाणा ने आक्रामक खेल दिखाया। छठे मिनट
में दीपक ने मैदानी गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर के 22वें मिनट
में पंकज ने एक और मैदानी गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में हरियाणा के पास बढ़त मजबूत
करने के मौके आए, लेकिन टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। पंजाब के मनराज सिंह ने पेनल्टी
कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में रमन ने मैदानी गोल कर
हरियाणा को 3-1 से आगे कर दिया। पंजाब ने जवाबी हमला करते हुए 45वें मिनट में जसविंदर
के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से अंतर 3-2 कर दिया।
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला
देखने को मिला। दोनों ने गोल करने के लिए कई अच्छे मूव बनाए। मैच के 58वें मिनट में
हरियाणा के डिफेंस की चूक के कारण पंजाब को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिस पर उज्ज्वल सिंह
ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। निर्धारित समय तक बराबरी रहने के कारण मुकाबले का फैसला
पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
शूटआउट में हरियाणा के गोलकीपर अंकित मलिक ने
पंजाब के दो प्रयासों को नाकाम किया। दूसरी ओर हरियाणा के हरपाल, शुभम, नवराज और दीपक
ने अपने-अपने प्रयासों को गोल में बदलकर टीम को 4-2 से जीत दिला दी। इस जीत के साथ
हरियाणा ने पांचवीं बार सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश किया है।
हॉकी हरियाणा के अध्यक्ष एडवोकेट जयदीप मलिक और
उपाध्यक्ष सुनील मलिक ने टीम के फाइनल में पहुंचने पर कोच और कप्तान से बातचीत कर खिलाड़ियों
को बधाई दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर