ग्राम पंचायतें करें तालाबों का रखरखाव: मुख्यमंत्री सैनी
चंडीगढ़, 19 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि तालाबों के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण करने तथा किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करवाने के निर्देश भी दिए गए।
मंगलवार को चंडीगढ़ में हरियाणा तालाब और अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में तालाबों के प्रबंधन एवं रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। तालाबों के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उनमें गंदा पानी न पहुंचे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों की नियमित सफाई करवाई जाए तथा इस कार्य में पूर्ण पारदर्शिता रखते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में जोहड़ आबादी के बीच आ गए हैं, वहां उनकी सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने तालाबों के किनारों को मजबूत करने, गाद निकालने और किनारों पर उगी घास की सफाई करवाने के निर्देश दिए। साथ ही तालाबों के आसपास लोगों के सैर के लिए पक्की पगडंडी, बैठने के लिए बेंच तथा सोलर लाइट लगाने की व्यवस्था करने को कहा।
उन्होंने कहा कि गांवों के गंदे पानी को सीधे तालाबों में न डाला जाए। इसके लिए थ्री-पॉन्ड सिस्टम विकसित किया जाए ताकि पानी को साफ करने के बाद ही तालाबों में छोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े तालाबों में मछली पालन को बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए ऑनलाइन ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से तालाबों की बोली लगाई जाए और उससे प्राप्त राशि को तालाबों के रखरखाव पर खर्च किया जाए। उन्होंने आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी ड्रेनों की सफाई करवाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में कुल 20,039 तालाब हैं, जिनमें से 19,129 ग्रामीण क्षेत्रों तथा 910 शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। अब तक 6,777 तालाबों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष तालाबों की सफाई का कार्य भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा