हरियाणा पुलिस ने 67 आपत्तिजनक गीत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से हटवाए

 

चंडीगढ़, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने गैंगस्टरों, गैंग संस्कृति, हथियारों और हिंसा के महिमामंडन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 67 विवादित गीतों को ऑनलाइन प्लेटफार्मों से हटवा दिया है। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि विभिन्न ऑनलाइन मध्यस्थों को नोटिस जारी किए गए। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप गैंग, हथियारों एवं हिंसा का महिमामंडन करने वाले 67 गीत विभिन्न ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म से हटाए जा चुके हैं। यह अभियान माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत किया गया है।

हरियाणा पुलिस ने केवल कंटेंट हटाने तक सीमित न रहते हुए इसके सामाजिक प्रभावों को कम करने के लिए युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से गैंगस्टर एवं गन कल्चर से प्रभावित करीब 200 युवाओं की पहचान कर एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स)द्वारा उनकी काउंसलिंग की गई और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया गया। इसी क्रम में आतंकवादी शहजाद भट्टी द्वारा युवाओं के कट्टरपंथीकरण एवं उन्हें प्रभावित करने के लिए संचालित/प्रयोग किए जा रहे 12 इंस्टाग्राम अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें हटवाया गया। इसके अतिरिक्त गैंगस्टरों, गैंग संस्कृति, हथियारों एवं गन कल्चर का महिमामंडन करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट अन्य राज्यों के साथ साझा किए गए, ताकि ऐसे कंटेंट और प्रोफाइल के खिलाफ समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा इस दिशा में एक केंद्रित पहल के तहत हरियाणवी संगीत जगत के प्रमुख गायकों, गीतकारों एवं निर्माताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलाकारों को गीतों एवं म्यूजिक वीडियो के माध्यम से गैंगस्टरों, हथियारों और हिंसा के महिमामंडन से होने वाले सामाजिक दुष्प्रभावों तथा युवाओं पर पडऩे वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।

मीडिया, कंटेंट क्रिएटर्स और आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी

गैंगस्टरों एवं अपराधियों के महिमामंडन को रोकने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया के प्रतिनिधियों, कंटेंट क्रिएटर्स तथा आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विस्तृत एडवाइजरी तैयार की गई है। हरियाणा विधानसभा द्वारा पारित प्रस्ताव के संदर्भ में तैयार इस एडवाइजरी में अपराध एवं आपराधिक तत्वों के प्रचार अथवा महिमामंडन से बचने की स्पष्ट अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा