हरियाणा पुलिस ने हटाए इंटरनेट से 16 हजार अवैध कंटेंट

 


फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक, फेक एप्लीकेशन, भ्रामक विज्ञापनों और फर्जी प्रोफाइल पर की कार्रवाई

चंडीगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन दुष्प्रचार के खिलाफ अपनी डिजिटल निगरानी को मजबूत करते हुए 16 हजार 308 अवैध कंटेट हटाए हैं।

पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग एवं यूआरएल ब्लॉकिंग टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन माध्यमों पर लगातार निगरानी रखते हुए फिशिंग लिंक, फर्जी वेबसाइट, धोखाधड़ी वाली एप्लीकेशन, भ्रामक विज्ञापन, फर्जी प्रोफाइल तथा अन्य गैर-कानूनी ऑनलाइन कंटेंट की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा रही है। जनवरी से जुलाई तक 16,308 अवैध ऑनलाइन कंटेंट/आइटम हटवाए गए हैं।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने गुरुवार को जारी जानकारी में कहा कि आज के डिजिटल दौर में अपराध की प्रकृति तेजी से बदल रही है और अपराधी तकनीक का दुरुपयोग कर आम नागरिकों को निशाना बनाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, यूआरएल ब्लॉकिंग और ऑनलाइन कंटेंट टेकडाउन के माध्यम से साइबर अपराध, भ्रामक सूचना और गैर-कानूनी डिजिटल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट तथा साइबर फ्रॉड से संबंधित ऑनलाइन सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

इसी कड़ी में ऑनलाइन महिला एवं बच्चो के विरुद्ध अपराध यूनिट द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित हानिकारक, आपत्तिजनक और गैर-कानूनी ऑनलाइन कंटेंट की विशेष निगरानी की जा रही है। ऐसे कंटेंट की पहचान होते ही संबंधित प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट कर उसके शीघ्र टेकडाउन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। इस दौरान साइबर टीम रोजाना उन पोस्टों, वीडियो, लिंक और प्रोफाइलों की पहचान कर रही है जिनमें गलत जानकारी, उकसाने वाली भाषा या सार्वजनिक शांति भंग करने वाला कंटेंट शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा