हिसार एयरपोर्ट पर तैनात किया गया हरियाणा पुलिस का डॉग मैंडी

 


पिछले वर्ष पीएम के विमान की जांच करके सुर्खियों

में आया डॉग मैंडी

हिसार, 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र

मोदी के विमान की जांच कर चुके हरियाणा पुलिस के डॉग मैंडी (लेब्रा ब्रीड) को अब हिसार

एयरपोर्ट पर तैनाम किया गया है। हरियाणा पुलिस का डॉग मैंडी (लेब्रा ब्रीड) उस समय

चर्चा में आया, जब उसने पिछले वर्ष् 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विमान

की सुरक्षा जांची। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान मैंडी ने

उनके हेलीकॉप्टर में पायलट द्वारा रखी गई शू-पालिश तक को ढूंढ निकाला था। उस समय से

हरियाणा पुलिस का डॉग मैंडी चर्चा की विषय बना हुआ है।

डॉग मैंडी अपनी बेहतरीन सूंघने की क्षमता के

लिए जाना जाता है। हाल ही में लगभग 15 दिन पहले नागरपुर में हुई 69वीं ऑल इंडिया पुलिस

ड्यूटी मीट (2025–26) में मैंडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में सिल्वर

मेडल जीता है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार किसी डॉग ने यह उपलब्धि हासिल की है।

मैंडी फिलहाल हिसार एयरपोर्ट पर तैनात बम निरोधक दस्ते के ईएचसी वीरभान की निगरानी

में रहता है। मैंडी एक हाई एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग है। मैंडी की खासियत यह है कि

वह किसी संदिग्ध व्यक्ति पर छिपे हुए विस्फोटक पदार्थों को उनकी गंध से पहचान लेता

है, जो कि बहुत मुश्किल काम माना जाता है। वीरभान और मैंडी की जोड़ी की सुरक्षा एजेंसियों

में काफी मांग रहती है।

मैंडी पी रहा हर रोज डेढ़ लीटर दूध

मैंडी का खास ख्याल रखा जाता है। उसे सुबह

5:30 बजे से 6:30 बजे तक घुमाया जाता है। फिर उसकी ट्रेनिंग होती है और उसे खाना दिया

जाता है। मैंडी को हर दिन डेढ़ लीटर दूध और सोयाबीन दिया जाता है। इसके अलावा, उसे

रोटी और डॉग फ़ूड भी खिलाया जाता है। वह सुबह 9 बजे ड्यूटी पर आता है और शाम 5 बजे

तक काम करता है। शाम को 6:30 बजे उसे खाना दिया जाता है और रात को 9:30 बजे वह सो जाता

है।

पंचकूला में वर्ष 2020 में की ट्रेनिंग पूरी

पुलिस के मुताबिक पिछले वर्ष 10 नवंबर को दिल्ली

बलास्ट में जो हाई एक्सपलोसिव एमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था, उसे मैंडी

आसानी से सूंघ कर पता लगा सकता है। इसके अलावा, वह आरडीएक्स और लिक्विड एक्सप्लोसिव

का भी मिनटों में पता लगा लेता है। मैंडी ने अपनी ट्रेनिंग आईटीबी सेंटर पंचकूला में

पूरी की है। उसने 2020 में ट्रेनिंग खत्म की थी। मैंडी की उम्र अभी लगभग साढ़े पांच

साल है और वह हिसार एयरपोर्ट पर अपनी सेवाएं दे रहा है।

सीआईडी चीफ ने जताया मैंडी पर गर्व

हरियाणा के सीआईडी प्रमुख एडीजीपी सौरभ सिंह

ने का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतना हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का

विषय है। उन्होंने वीरभान और मैंडी की मेहनत, अनुशासन और आपसी तालमेल की सराहना की।

सौरभ सिंह ने बताया कि ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट के दौरान बिल्डिंग सर्च, व्हीकल

सर्च, लगेज सर्च, ह्यूमन बॉडी सर्च और ग्राउंड सर्च जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित

की जाती हैं। इन सभी में डॉग और हैंडलर के बीच बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और उच्च स्तरीय

प्रशिक्षण की जरूरत होती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर