पीएम सूर्य घर योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन, हरियाणा को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार

 

-4 जून को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में दिया जाएगा सम्मान

चंडीगढ़, 03 जून (हि.स.)। हरियाणा ने ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर तीन श्रेणियों में पुरस्कार जीते हैं।भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा 4 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम पीएम सूर्य घर के दो वर्ष: 1 करोड़ छतों तक सौर ऊर्जा का विस्तार के दौरान हरियाणा को तीन विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।

हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव तथा उत्तर एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मई 2026 में आयोजित मंथ ऑफ सोलर अभियान के दौरान बेहतरीन कार्य करने के लिए हरियाणा का चयन पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवॉर्ड के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि मंथ ऑफ सोलर- अधिकतम उपभोक्ता आवेदन: तृतीय स्थान, मंथ ऑफ सोलर - अधिकतम सोलर इंस्टॉलेशन में द्वितीय स्थान और मंथ ऑफ सोलर-अधिकतम डिस्कॉम निरीक्षण में तृतीय स्थान पुरस्कार दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रालय ने अपने पत्र में हरियाणा की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा है कि यह उपलब्धि राज्य सरकार के प्रभावी नेतृत्व, ऊर्जा विभाग, राज्य नोडल एजेंसी, दोनों बिजली वितरण निगमों (उत्तर एवं दक्षिण) तथा फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों और क्रियान्वयन साझेदारों के समर्पित प्रयासों का प्रतिफल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा