हरियाणा सरकार का महिला सशक्तिकरण, युवा रोजगार और प्राकृतिक खेती का संकल्प

 




मिशन केंद्र किए जाएंगे स्थापित, एक लाख प्राकृतिक खेती का लक्ष्य

हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण करवाना भी सरकार का लक्ष्य

चंडीगढ़, 01 जनवरी (हि.स.)। नायब सरकार का वर्ष 2026 में महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और प्राकृतिक खेती पर फोकस रहेगा। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के जरिये महिलाओं को सशक्त बनाए जाएगा, वहीं 2026 में युवाओं को रोजगार के साथ कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवाओं को तकनीक के साथ जोड़ने के लिए मिशन केंद्र स्थापित होंगे, जिनमें एआई और भविष्य की योजनाओं पर आधारित रोबेटिक तकनीक से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

नववर्ष पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुवार काे पत्रकारों से बातचीत करते हुए वर्ष 2026 का विजन बताते हुए कहा कि सरकार अंत्योदय उत्थान के तहत कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का एप 25 सितंबर को लांच किया गया था और हरियाणा दिवस के मौके पर पहली नवंबर को महिलाओं के खाते में 2100-2100 रुपये की राशि भेजी गई। अब तक 8 लाख महिलाओं को दो किस्तों में 250 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का दूसरा लक्ष्य युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार प्रदान करना है। सरकार ने 2026 के लिए ड्रिवन रोड मैप तैयार किया है। इसके तहत गुरुग्राम और पंचकूला में हरियाणा एआई मिशन केंद्र स्थापित किए जाएंगे और इन केंद्रो में युवा भविष्य की तकनीक जैसे एआई, कुशल रोबोटिक में निपुण बन सकेंगे। सरकार इस पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के 5500 कांस्टेबल की भर्ती का विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि वर्ष 2026 में तीसरा लक्ष्य प्राकृतिक खेती के साथ किसानों को जोड़ना है। धान की जगह अन्य फसलें उगाने पर किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार की ओर से एक लाख एकड़ भूमि को प्राकृतिक खेती के तहत लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर को तेजी से पूर्ण करवाना भी सरकार का लक्ष्य है। यह प्रोजेक्ट बेहतर कनेक्टिविटी के नए आयाम स्थापित करेगा, जिससे दिल्ली के चारों और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे ही कई नई परियोजनाओं को नए वर्ष में गति देने का काम करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्षेत्र के समुचित विकास और बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने के लिए सरकार ने कुंजपुरा (करनाल), मतलौडा ( पानीपत) और शहजादपुर (अंबाला) को नगर पालिका का दर्जा दिया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा