हरियाणा में बढ़ा डिजिटल भुगतान, फोन-पे, जी-पे और पेटीएम का चलन

 

चंडीगढ़, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा है कि प्रदेश में डिजिटल भुगतान बढ़ रहा है। फोन-पे, जी-पे ओर पेटीएम के अलावा क्रेडिट कार्ड से खरीद का प्रचलन राज्य में बढ़ रहा है। ऑनलाइन खरीददारी और पेमेंट से प्रदेश के छोटे दुकानदारों व लघु खुदरा विक्रेताओं पर कोई प्रतिकुल असर नहीं पड़ रहा है। फतेहाबाद विधायक बलवान दौलतपुरिया ने बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व में वह शक्ति बनकर उभरा है, जहां रेहड़ी—फड़ी वाले भी यूपीआई डिजिटल पेमेंट का उपयोग कर रहे हैं। किसी व्यापारी या दुकानदार को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। यदि दिक्कत किसी को है तो वो कांग्रेस को है। विधायक द्वारा छोटे खुदरा व्यापारियों को समर्थन देने के लिए ऑनलाइन खरीदारी पर भारी कर लगाने के प्रस्ताव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि कोरोना काल में भी किसी रेहड़ी-फड़ी वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने रेहड़ी-फड़ी वालों को बिना ब्याज के 10 हजार रुपये तक का लोन दिया था। व्यापारियों को कहीं किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हो रही है, दिक्कत केवल कांग्रेस को हो रही है कि पैसा ऑनलाइन क्यों जा रहा है, सीधा आना चाहिए था।

दौलतपुरिया ने ऑनलाइन खरीद पर टैक्स बढ़ाने की मांग की तो सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सीएम की ओर से जवाब देते हुए कहा कि यह फैसला जीएसटी काउंसिल करती है। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से सभी प्रकार के टैक्स का निर्णय जीएसटी काउंसिल में ही होता है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश डिजिटल की ओर बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा