हरियाणा कांग्रेस प्रदेश भर में करेगी ब्लाक स्तर पर कन्वेंशन : राव नरेंद्र

 

30 सितंबर तक प्रदेश के सभी ब्लाकों में होगा आयोजन

संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत व सक्रिय बनाने की कवायद

चंडीगढ़, 04 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनहित के मुद्दों से जोड़ने के उद्देश्य से 30 सितंबर तक ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की कन्वेंशन आयोजित की जाएंगी। इन सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी।शुक्रवार को हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, राव नरेंद्र सिंह ने 5 सितंबर को नारनौल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन का नेतृत्व वे स्वयं करेंगे। इस अवसर पर मुंडावर के विधायक ललित यादव विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलनों की अध्यक्षता करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 6 सितंबर को पिगनावां (नूंह) और बादशाहपुर (गुरुग्राम) तथा 7 सितंबर को शाहबाद ग्रामीण (कुरुक्षेत्र) और साहा (अंबाला) में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन सम्मेलनों का उद्देश्य केवल संगठनात्मक विस्तार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समाधान के लिए संघर्ष के लिए तैयार करना भी होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, छात्रों की समस्याएं और ‘छात्रों की गूंज’ जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य संगठन को ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाना है। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और सरकार की नीतियों की वास्तविकता जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा