ओलंपिक 2036 में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेंगे : नायब सैनी
चंडीगढ़, 23 दिसंबर (हि.स.)। ओलम्पिक 2036 में भारत को खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इस ओलम्पिक में हरियाणा के खिलाड़ी सबसे अधिक पदक जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेंगे और इस प्रदेश के खिलाड़ी धाकड़ किसान, धाकड़ पहलवान की धरा के रूप में विश्व में बनी पहचान को ओर आगे लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर स्थित द्रोणाचार्य स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव 2025 के समापन अवसर पर बोल रहे थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल व पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने सांसद खेल महोत्सव 2025 के विजेताओं को नकद राशि व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने शूटर गुरजोत सिंह और पैरा एथलैटिक के खिलाड़ी दिलबाग सिंह हिसार को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री इस सफल आयोजन के लिए सांसद नवीन जिंदल और उनकी पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि इस सांसद खेल महोत्सव-2025 में सबसे ज्यादा एक लाख 10 हजार खिलाड़ियाें ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखायी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में साल भर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए खेल कैलेण्डर भी तैयार किया जाता है। इसके अनुसार खेल महाकुम्भ, राज्यस्तरीय अखाड़ा दंगल, मुक्केबाजी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, बास्केटबॉल, हैंड बाल इत्यादि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
हरियाणा में 11 साल पहले खेलों के लिए एक विजन विकसित किया था। वह विजन था हर बच्चे को खेल से जोड़ने का, हर गांव में खेल का मैदान बनाने का और हर उस युवा को अवसर देने का, जिसमें खेल के प्रति ललक है। इस विजन का लक्ष्य है कि हरियाणा को न केवल भारत की, बल्कि विश्व की खेल राजधानी बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा को खेलों की नर्सरी कहा जाता है। हमारे खिलाड़ियाें ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। चाहे वे ओलंपिक हों, एशियाई हों या राष्ट्रमंडल खेल हों। हरियाणा के खिलाड़ियाें ने हर मोर्चे पर तिरंगे को ऊंचा फहराया है। यह सांसद खेल महोत्सव आपकी प्रतिभा को आगे बढाने का माध्यम है। ऐसी ही प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए हमने अनेक कदम उठाए हैं। बचपन से ही खिलाड़ियाें को तराशने के लिए प्रदेश में खेल नर्सरियां खोली हुई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021 बनाये हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाए गए। हमने 231 खिलाडिय़ों को सरकारी नौकरी दी है। खिलाड़ियाें के लिए क्लास-वन से क्लास-फोर तक के पदों की सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि हम पदक जीतने वाले खिलाड़ियाें को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार देते हैं। हमने अब तक 16,418 खिलाड़ियाें को 683 करोड़ 15 लाख के नकद पुरस्कार दिए हैं। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 298 खिलाड़ियाें को मानदेय भी दिया जा रहा है। राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा पदक जीतने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। वर्ष 2014 से अब तक 24 हजार से अधिक छात्रों को 70 करोड़ की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
सांसद खेल महोत्सव कुरुक्षेत्र में खेल के नए युग की शुरुआत : नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद खेल महोत्सव-2025 केवल एक समापन समारोह नहीं है, अपितु कुरुक्षेत्र में खेल युग की एक नई शुरुआत है। उनका सपना है कि कुरुक्षेत्र के हर गांव के अंदर खेलों का सामान और प्रशिक्षक उपलब्ध करवाए जाएं। इस लक्ष्य को लेकर आगामी एक साल में खेल स्टेडियम और आगामी दो सालों में हर गांव में जिम का सामान उपलब्ध करवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा