स्वच्छता और योग होगा तो गति के साथ विकसित भारत की तरफ बढ़ेगा देश: नायब सैनी
कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम होगा ऐतिहासिक
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर संस्थाओं के साथ की बैठक
चंडीगढ़, 8 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब देश में स्वच्छता और योग होगा तो देश गति के साथ विकसित भारत की तरफ बढ़ेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम प्रदेश में 27 मई से स्वच्छता अभियान चलाकर शुरू कर दिया गया है। 21 जून के आयोजन के लिए योग की कक्षाएं शुरू हो गई हैं। योग किसी एक व्यक्ति या एक विचार का कार्यक्रम नहीं है। योग में हमारी प्राचीन विचारधारा सम्मलित है। ऋषियों ने हमें उपहार के तौर पर योग और ध्यान दिया है। योग करने से मनुष्य हृष्ट-पुष्ट रहता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार काे कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर संस्थाओं के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य़मंत्री ने संस्थाओं, एनजीओ, व्यापारी संगठन और सभा में मौजूद अन्य संगठनों के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया। साथ ही शहर में हर घर तक पतंजलि योग पीठ का योग निमंत्रण पहुंचाने को कहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग को देश-दुनिया में पहुंचाने का काम ऋषि स्वामी रामदेव ने किया है। भगवान श्रीकृष्ण की धरा धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में 21 जून को बाबा रामदेव का आगमन कुरुक्षेत्र वासियों के लिए बड़े गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम एक पृथ्वी, एक स्वस्थ्य है, जबकि हरियाणा सरकार ने इसके साथ योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा को भी जोड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग छोटी-छोटी बीमारियों को दूर करने के लिए दवा लेने लगे हैं, जबकि योग से उन बीमारियों पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। इसलिए हम सभी को योग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपने युवाओं को नशे से बचाना है तो उन्हें योग को अपनाना होगा। योग हमारी इच्छा शक्ति को बढ़ाता है। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र वासियों से आग्रह करते हुए कहा कि 21 जून को सभी अपनी निंद्रा को छोडक़र सुबह 4 बजे ब्रह्मसरोवर व मेला ग्राउंड में पहुंचकर योग के इस महान यज्ञ में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ें और जिसको जो जिम्मेदारी दी गई है, उसको प्रमुखता के साथ निभाने का काम करें।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए 103 सेक्टरों में बांटा क्षेत्र
जानकारी के अनुसार ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड को 103 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें से 64 सेक्टर ब्रह्मसरोवर और 37 सेक्टर मेला ग्राउंड व आसपास के क्षेत्र में बनाए गए हैं। हर सेक्टर में एक हजार साधकों के योग करने की व्यवस्था बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने सभागार में मौजूद संस्थाओं, एनजीओ व अन्य लोगों को जीवन में नियमित रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान को अपनाने, नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। इसके अलावा अपने परिवार, समाज और कार्यस्थल में योग का प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित भी किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा