पिपली, सोनीपत और गुरुग्राम में नए बस अड्डे पीपीपी मोड पर बनेंगे
चंडीगढ़, 24 मई (हि.स.)। हरियाणा सरकार पिपली, सोनीपत और गुरुग्राम में नए बस अड्डे पीपीपी मोड पर बनाने जा रही है। गुरुग्राम का बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के निकट बनाया जाएगा।रविवार को यहां जारी एक जानकारी में अनिल विज ने कहा कि गुरुग्राम बस अड्डा मेट्रो स्टेशन के पास बनने से यात्री उतरते ही इलेक्ट्रिक वातानुकूलित बसों की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यहां पर भी पीपीपी मोड की तर्ज पर बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके साथ-साथ कुछ अन्य बस अड्डे अधूरे भी हैं जिनमें काम चल रहा है, उन्हे भी तेजी से पूरा करवाकर जनता को समर्पित किया जाएगा। विज ने कहा कि हरियाणा में अंबाला छावनी ऐसा शहर है जहां पर लोकल सेवा की सभी 25 बसें पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक एवं वातानुकूलित हैं।
परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा बसों की ट्रैकिंग सिस्टम पर भी काम चल रहा है। जिस प्रकार एयरपोर्ट पर जाकर यह पता चल जाता है कि कौन सी फ्लाइट कब आएगी उसकी जानकारी मिलती है। उसी प्रकार, इस ट्रैकिंग सिस्टम से पता चल सकेगा कि कौन सी बस कहां पर है और कब तक आएगी। इसके लिए बकायदा ऐप भी बनाई गई है। सम्बन्धित व्यक्ति जहां पर उसकी लोकेशन है वहां पर वह मोबाइल पर ऐप के माध्यम से बस की जानकारी ले सकता है। इस सिस्टम से बसों के आवागमन का पता चल सकेगा वहीं यदि कोई चालक बस को रूट के अलावा कहीं और से निकालने का प्रयास करता है तो उसकी भी वार्निंग सिस्टम के माध्यम से पता चल सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बस चालक बस को बस स्टैंड के अंदर न ले जाकर या फ्लाईओवर के ऊपर से ले जाता है तो यह गतिविधि भी सिस्टम के माध्यम से पता लग जाएगी।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर यह भी कहा कि जल्द ही बस अड्डों पर यात्रियों को पौष्टिक आहार मिले, इस दिशा में भी कार्य किए जाएंगे। जिस प्रकार रेलवे में आईआरसीटीसी पूरे हिंदुस्तान में कार्य करती है उसी प्रकार, परिवहन विभाग के माध्यम से यहां पर कारपोरेशन बनाई जाएगी ताकि बस अड्डों पर यात्रियों को पौष्टिक आहार मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा