हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हरियाणा ने दिल्ली को 3-0 से हराया
मंजीत, जोगिंद्र और दीपक ने किए गोल, परीक्षित
बने मैन ऑफ द मैच
अगले मुकाबले में मणिपुर से भिड़ेगी हरियाणा की
टीम
हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। झांसी में जारी
16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हॉकी हरियाणा ने अपने पहले
मुकाबले में हॉकी दिल्ली को 3-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। हरियाणा की ओर
से मंजीत, जोगिंद्र और दीपक ने गोल किए, जबकि परीक्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
हॉकी हरियाणा के कोच एवं द्रोणाचार्य अवार्डी
नीतू सांगवान ने बुधवार काे बताया कि हरियाणा की ओर से पहला गोल मंजीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर किया।
इसके बाद जोगिंद्र ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी।
तीसरा गोल दीपक ने फील्ड गोल के रूप में किया। दिल्ली की टीम ने गोल करने के कई प्रयास
किए, लेकिन हरियाणा की मजबूत रक्षापंक्ति ने उसके सभी प्रयास विफल कर दिए।
नीतू सांगवान ने बताया कि दिल्ली की टीम पूरे
साल एक साथ प्रशिक्षण करती है। उसके लगभग 95 प्रतिशत खिलाड़ी नेशनल हॉकी अकादमी (एनएचए)
और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (एनसीओई), दिल्ली से जुड़े हैं। एनसीओई में देशभर से चयनित
खिलाड़ी एक साथ प्रशिक्षण लेते हैं और वहीं रहते भी हैं। इस टीम में हरियाणा के भी
एक-दो खिलाड़ी शामिल थे। ऐसी मजबूत टीम के खिलाफ हरियाणा की 3-0 से जीत बड़ी उपलब्धि
है।
उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में हरियाणा के खिलाड़ियों
का प्रदर्शन सराहनीय रहा। टीम ने बेहतर तालमेल और अनुशासन के साथ खेलते हुए जीत दर्ज
की। हरियाणा का अगला मुकाबला अब हॉकी मणिपुर के साथ होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर