जींद : फर्टिलाइजर एवं कैमिकल फैक्टरी में लगी आग, लाखों का समान जला
जींद, 04 अगस्त (हि.स.)। इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात फर्टिलाइजर एवं कैमिकल फैक्टरी में लगी आग से लाखों रुपये कीमत का सामान जल गया। आग लगने की सूचना मिलने पर आधा दर्जन फायर बिग्रेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि फैक्टरी में आग कैसे लगी, इसका खुलासा नहीं हो सका है।
इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात फर्टिलाइजर एवं कैमिकल फैक्टरी में अचानक से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने भीष्ण रूप धारण कर लिया। फैक्टरी से आग की लपटें उठती देख आसपास अन्य फैक्टरी में काम करने वाले लोग मौके पर पहुंचे और अपने पास मौजूद संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग लगातार फैलती चली गई।
आग की सूचना फैक्टरी मालिक तथा फायर बिग्रेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाडिय़ों द्वारा मौके पर पहुंच कर मंगलवार सुबह तक आग पर काबू पाया गया। जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक फैक्टरी में तैयार लाखों क्विंटल फर्टिलाइजर एवं कैमिकल, कच्चा माल, मशीने जल कर राख हो चुका था। वहीं आग के कारण फैक्टरी के तीन कमरों, गोदाम तथा बरामदे की छत गिर गई। हालांकि घटना के दौरान फैक्टरी में कोई मौजूद नहीं था।
फैक्टरी में आग कैसे लगी, इसके कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फैक्टरी मालिक सोमबीर ने बताया कि फैक्टरी में आग कैसे लगी, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। फैक्टरी में मौजूद कच्चा, तैयार माल, पैकिंग, फैक्टरी में लगी मशीनें सब जल गई हैं। फैक्टरी इमारत को भी काफी नुकसान पहुंचा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा