सोनीपत में जिम संचालक पर जानलेवा हमला

 


सोनीपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत

जिले के गोहाना में देर रात एक जिम संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने

पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर धारदार हथियार से कई वार किए। रेलवे पुलिस को आशंका

है कि घटना के दौरान गोली भी चलाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना

शुक्रवार देर रात गोहाना रेलवे जंक्शन परिसर के पास हुई। जिम संचालक प्रमोद बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान कार सवार हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। हमलावरों

ने पहले बाइक को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद कार से उतरे बदमाशों

ने धारदार हथियार से उस पर कई वार किए। कुछ लोगों ने मौके पर गोली चलने की भी बात कही

है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हमले

के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और

घायल को अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर उसे गोहाना से पीजीआई रोहतक भेज दिया

गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल का उपचार जारी है।

स्थानीय

लोगों ने बताया कि घायल गोहाना की अनाज मंडी में जिम संचालित करता है और रोज की तरह

घर लौट रहा था। पड़ोसियों के अनुसार कार में चार युवक सवार थे, जिन्होंने सुनियोजित

तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जीआरपी

चौकी प्रभारी बलवान ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी खंगालने

शुरू कर दिए हैं। संभावित हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना

है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की असली वजह सामने आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना