गुरुग्राम में फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में प्रदर्शन

 


राष्ट्रपति के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

गुरुग्राम, 24 फ़रवरी (हि.स.)। अनाजमण्डी फर्रुखनगर में यादव समाज के साथ सर्व समाज ने आने वाली फिल्म यादव जी की लवस्टोरी के विरोध में प्रदर्शन किया। तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। लोगों ने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि अगर फिल्म का नाम नहीं बदला तो गुरुग्राम जिले में यह फिल्म किसी भी सिनेमाघर में चलने नहीं देंगे।

अनाजमण्डी में यादव समाज सहित सर्वसमाज को संबोधित करते हुए यादव कल्याण सभा के अध्यक्ष जीतराम यादव व सुनील राव प्रधान ने बताया कि देशभर में 27 फ़रवरी को सिनेमा घरों में रिलीज़ होने जा रही फ़िल्म यादव जी की लव स्टोरी' के विरोध में विरोध प्रदर्शन किया गया है। यादव समाज सहित सर्व समाज फ़िल्म पर रोक लगाने की मांग करता है। मंगलवार को यादव समाज के साथ सर्व समाज के लोग प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में तख्तियों पर लिखे स्लोगन लेकर नारेबाजी की । सभी प्रदर्शन करते हुए तहसील परिसर पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया। नायब तहसीलदार प्रतीक सिंह नूनीवाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।

एडवोकेट संदीप राव चेयरमैन ने कहा कि फिल्म समीक्षकों के मुताबिक यादव जी की लव स्टोरी की कहानी एक लड़की के प्यार और शादी को लेकर है। कहानी के अनुसार ये लड़की यादव समाज की है, जो बेहद संस्कारवान है। उसे एक विशेष वर्ग के लड़के से प्यार हो जाता है। वह उससे शादी करना चाहती है, लेकिन दोनों का धर्म उनके प्यार के आड़े आता है। परिवार के लोग समाज में ही शादी करना चाहते हैं। इस फिल्म के प्रोड्यूसर संदीप तोमर हैं, जिसका पूरे देश में विरोध हो रहा है।

महावीर यादव, रामबीर यादव खेड़ा झांझरौला, जेपी यादव, विकास सरपंच ने कहा कि सर्व समाज ने फ़िल्म से जुड़ी अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज को फ़िल्म के टाइटल में 'यादव जी' नाम से आपत्ति है। उनका कहना है इस फ़िल्म में जिस तरह लव जिहाद दिखाया जा रहा है, उससे सामाजिक स्तर पर संघर्ष की स्थिति पैदा होगी। इसलिए इस पर रोक लगनी चाहिए। जब तक इस फ़िल्म को पूरी तरह बैन नहीं कर दिया जाता, तब तक देशभर में यादव समाज प्रदर्शन करता रहेगा। इस दौरान विशेष तौर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रदीप यादव, पृथ्वी सरपंच खैंटावास, जीतराम मास्टर रामबीर यादव, महावीर यादव, जेपी यादव, मनोज बंसल, महेन्द्र ठेकेदार, राजकुमार मार्कपुर, सुमित्रा देवी सरपंच, सुरेन्द नम्बरदार खेडा, महेन्द्र नम्बरदार गढी, हेमन्त मास्टर, हरिकिशन कालियावास, एडवोकेट पदमश्री महेन्द्र दाढी, गोविंद सरपंच, रमेश सरपंच समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर