गुरुग्राम: गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के काटे गए 10,187 चालान

 

गुरुग्राम, 17 अक्टूबर (हि.स.)। रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अक्टूबर के शुरुआती 16 दिनों में ही रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 10,187 चालान किए जा चुके हैं। यह संख्या सितंबर में पूरे महीने के दौरान किए गए 6,975 चालानों से 3,212 अधिक है। पुलिस लगातार निगरानी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

रॉन्ग साइड ड्राइविंग चलाना सडक़ दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन सकता है। इससे आमने-सामने की टक्कर का खतरा बढ़ता है और वाहन चालकों के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ती है। इसके बावजूद कई चालक कुछ दूरी बचाने या जल्द पहुंचने के लिए गलत दिशा का इस्तेमाल करते हैं। यातायात पुलिस के अनुसार सडक़ों पर नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी की जा रही है। रॉन्ग साइड ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार चालान किए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा में ही वाहन चलाएं और शॉर्टकट के चक्कर में अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा खतरे में न डालें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर