गुरुग्राम में 15.55 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता, 251 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित
-पांच जून से शुरू होगा विशेष गहन पुनरीक्षण
-उपायुक्त ने कहा, प्रशासन का प्रयास मतदाता सूची में कोई पात्र नागरिक न छूटे
गुरुग्राम, 29 मई (हि.स.)। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत व्यापक अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो सके। वे शुक्रवार को लघु सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि इस पुनरीक्षण अभियान के लिए एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। अर्थात जो नागरिक एक जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके होंगे, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के पात्र होंगे। डीसी ने बताया कि अभियान का प्रारंभिक चरण 5 जून से 14 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। डीसी ने कहा कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने के लिए कम से कम तीन बार घर-घर संपर्क करेंगे। राजनीतिक दलों के बीएलए भी मतदाताओं को फॉर्म भरने, दस्तावेज जमा करवाने तथा अन्य प्रक्रियाओं में सहयोग करेंगे। डीसी ने बताया कि वर्तमान में गुरुग्राम जिले में कुल 15 लाख 55 हजार 39 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 5 लाख 46 हजार 970 मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 35.17 प्रतिशत है। यह आंकड़ा आगामी एन्यूमरेशन प्रक्रिया के दौरान और बढ़ेगा।
डीसी ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे तथा हस्ताक्षर करवाकर फॉर्म प्राप्त करेंगे। साथ ही नए मतदाताओं के लिए आवश्यक फॉर्म-6 भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 14 जून से 26 जून तक जिले के सभी मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी मतदान केंद्र पर 1200 से अधिक मतदाता न हों तथा किसी मतदाता को मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। साथ ही परिवार एवं एक ही क्षेत्र के मतदाताओं को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से जोड़ा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर