गुरुग्राम: उत्पीडऩ के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं महिलाएं: पूनम हुड्डा

 


-राजकीय कन्या महाविद्यालय में विस्तार व्याख्यान व पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिता

गुरुग्राम, 10 सितंबर (हि.स.)। राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ, आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) और विधिक साक्षरता प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 विषय पर विस्तार व्याख्यान और स्लोगन लेखन व पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।

कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. इंदु राव के नेतृत्व और उप-प्राचार्या सुनीता ढाका के मार्गदर्शन में हुआ। उद्देश्य छात्राओं और स्टाफ को कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ की रोकथाम, शिकायत प्रक्रिया और सुरक्षित वातावरण के प्रति जागरूक करना था।

मुख्य वक्ता अधिवक्ता सीमा तोमर ने पीओएसएच अधिनियम 2013 के प्रावधानों, रोकथाम, शिकायत निवारण प्रक्रिया और महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेष अतिथि सेक्टर-40 पुलिस थाना प्रभारी पूनम हुड्डा ने महिलाओं की सुरक्षा, कानूनी जागरुकता और उत्पीडऩ के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने पर जोर दिया। मंच संचालन रुपाली ने किया।

इस अवसर पर लैंगिक समानता: एक अधिकार, कोई विकल्प नहीं, चुप्पी तोड़ें यौन उत्पीडऩ रोकें, समानता की शुरुआत सम्मान से होती है-आदि विषयों पर स्लोगन और पोस्टर प्रतियोगिता हुई। छात्राओं ने रचनात्मकता से लैंगिक समानता और सुरक्षा का संदेश दिया। संचालन अनामिका, कीमती और चित्रा ने किया। मूल्यांकन शालिनी, निशा और सीमा चौधरी के निर्णायक मंडल ने विषय-वस्तु, मौलिकता और संदेश की प्रभावशीलता के आधार पर किया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र दिए गए। आयोजन में डॉ. रीति गुप्ता, संयोजक महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम का मूल संदेश रहा-सम्मान, समानता और सुरक्षा प्रत्येक महिला का अधिकार है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर