गुरुग्राम: विवाहित की संदिग्ध मौत, 15 मिनट पहले मां से रोते हुए की थी बात

 

-मौत से ठीक पहले मां से बात करके प्रताडऩा की कही थी बात

-विवाहिता के पिता की शिकायत पर पति, सास व ननद के खिलाफ केस दर्ज

गुरुग्राम, 05 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के झाड़सा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताडऩा और मारपीट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि विवाहिता ने मौत से 15 मिनट पहले ही अपनी मां से रोते हुए बात की थी। इस दौरान उसने मां से प्रताडऩा की बात कही थी।पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी खुशबू गुप्ता का विवाह प्रयागराज निवासी हिमांशु गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास और ननद द्वारा दहेज की मांग को लेकर खुशबू को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार पंचायत और समझौते के प्रयास हुए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पिछले दो साल से खुशबू अपने पति के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-39 में किराए के मकान में रह रही थी। तीन अगस्त को खुशबू ने पिता को फोन कर बताया कि पति ने उसके साथ मारपीट की है। देर रात परिजनों ने फिर संपर्क किया तो बताया गया कि खुशबू की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बाद परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली।सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर-51 स्थित अस्पताल पहुंची। महिला के शव को कब्जे में लेकर *पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर