गुरुग्राम: महिला को घायल कर लूटने वाले तीन युवक व एक नाबालिग गिरफ्तार
आधी रात ड्यूटी से लौट रही महिला को बनाया था निशाना, स्कूटी पर आए थे आरोपी
गुरुग्राम, 01 जुलाई (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने आधी रात को महिला के सिर पर हमला कर चेन और मोबाइल लूटने वाले तीन युवकों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार 27 जून 2026 को थाना सिविल लाइन्स में शिकायत देकर पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 25-26 जून की मध्य रात्रि 12:15 बजे वह ड्यूटी से घर लौट रही थी। जब वह सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित बांध रोड के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तीन अज्ञात युवकों ने उसके सिर पर वार कर उसे गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन, लॉकेट और मोबाइल फोन लूट लिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला बेहोश हो गई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने तकनीकी और मानवीय सूत्रों की मदद से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने ऑटो स्टैंड पुलिस लाइन्स के पास से वारदात में शामिल चार आरोपियों को दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत निवासी मैनपुरी, वीरपाल निवासी जालौन और सौरभ निवासी आगरा के रूप में हुई है। चौथा आरोपी नाबालिग है।
पूछताछ में सामने आया कि अजीत कार डिटेलिंग, वीरपाल वेटर और सौरभ साफ-सफाई का काम करता है। तीनों की उम्र 18 साल है। चारों आरोपी राजीव नगर, गुरुग्राम में आसपास रहते थे और एक-दूसरे को जानते थे। लूट की योजना बनाकर सौरभ अपने पी.जी. मालिक से स्कूटी मांगकर लाया था। उसी स्कूटी पर सवार होकर चारों ने अकेली महिला को देखकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। चेन और लॉकेट की बरामदगी के लिए सिविल लाइन्स थाना पुलिस गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अन्य आपराधिक वारदातों में इनकी संलिप्तता का भी पता लगा रही है।
तीनों बालिग आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि बाकी सामान बरामद किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर