गुरुग्राम: बिना रिकॉर्ड के होटल चलाने वाला मैनेजर गिरफ्तार
-इकोनिक गेस्ट हाउस का निरीक्षण, वैध अनुमति और रजिस्टर नहीं मिला
गुरुग्राम, 13 अगस्त (हि.स.)। अपराध रोकथाम अभियान के तहत गुरुग्राम पुलिस ने होटल/गेस्ट हाउस में नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि थाना सेक्टर-14 पुलिस ने बस स्टैंड के पास स्थित इकोनिक गेस्ट हाउस का निरीक्षण कर होटल मैनेजर को काबू किया है।
पुलिस टीम ने बुधवार को गश्त के दौरान गेस्ट हाउस का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि होटल संचालक/मैनेजर द्वारा बिना वैध अनुमति गेस्ट हाउस का संचालन किया जा रहा था। साथ ही होटल में आने-जाने और ठहरने वाले व्यक्तियों का विवरण रजिस्टर में नियमानुसार दर्ज नहीं किया जा रहा था। यह जिला प्रशासन, गुरुग्राम द्वारा जारी आदेशों का स्पष्ट उल्लंघन है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गेस्ट हाउस से गोविंद (30 वर्ष), निवासी टिकरी कलां, पश्चिम दिल्ली को काबू किया। पूछताछ में उसने खुद को होटल का मैनेजर बताया। पुलिस सत्यापन और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई कागज प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके से होटल का रजिस्टर भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुग्राम पुलिस ने सभी होटल, गेस्ट हाउस, सराय और धर्मशाला संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड दुरुस्त रखें और पुलिस सत्यापन सहित सभी वैधानिक औपचारिकताओं का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना या किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित होटल संचालक/प्रबंधक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर