गुरुग्राम: बिना लाइसेंस नर्सरी संचालित करने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
नर्सरी संचालकों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य
गुरुग्राम, 10 नवंबर (हि.स.)। फलदार पौधों, सजावटी पौधों एवं अन्य बागवानी फसलों की पौध तैयार करने और नर्सरी संचालित करने वाले सभी संचालकों के लिए हरियाणा में लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया गया है। हरियाणा बागवानी पौधशाला अधिनियम 2025 एवं हरियाणा बागवानी पौधशाला नियम 2026 के तहत जिले में अगर कोई नर्सरी संचालक लाइसेंस नहीं लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिला बागवानी अधिकारी नेहा यादव ने बताया कि जिले के सभी नर्सरी संचालक निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी नर्सरी का लाइसेंस बनवाने के लिए जिला बागवानी अधिकारी, गुरुग्राम के कार्यालय में अतिशीघ्र आवेदन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिना नर्सरी लाइसेंस के नर्सरी संचालित करते हुए पाए जाने वाले संचालकों के खिलाफ प्रशासनिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला बागवानी अधिकारी, गुरुग्राम के दूरभाष नंबर 0124-2324067 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त नर्सरी संचालक अपने संबंधित ब्लॉक के बागवानी विकास अधिकारियों से भी संपर्क कर सकते हैं। ब्लॉक स्तर पर संपर्क के लिए गुरुग्राम के बागवानी विकास अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत (मोबाइल नंबर 9695316165), पटौदी के डॉ. रविंद्र सहरावत (9812344454), सोहना के ओंकार राणे (8208541881) तथा फर्रुखनगर की रूपांशी (9306813354) से संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर