गुरुग्राम: पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में पति एवं प्रेमिका गिरफ्तार

 


हत्या के बाद नेपाल भाग गए थे आरोपी, 30 जून को भारत लौटे

गुरुग्राम, 05 जुलाई (हि.स.)। मानेसर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा मानेसर की पुलिस ने मृतका के आरोपी पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि हत्या के बाद दोनों आरोपी देश से भागकर नेपाल चले गए थे।

पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को एक महिला ने थाना मानेसर में शिकायत दी थी कि उसकी 22 वर्षीय बेटी का विवाह फरवरी 2026 में मानेसर निवासी अंकित के साथ हुआ था। 21 मई 2026 को उसे सूचना मिली कि उसकी बेटी घर से लापता है। परिजनों ने तलाश की और ससुराल पक्ष से संपर्क किया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बेटी को गायब करने में पति और ससुराल पक्ष पर संदेह जताते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

जांच के दौरान 22 मई 2026 को मानेसर के एक किराए के कमरे से युवती का शव बरामद हुआ। शव पर गोली के निशान थे। इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मानेसर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अंकित (25) निवासी मानेसर और रजनी देवी (38) निवासी गांव औरंगाबाद जिला झज्जर के रूप में हुई।पूछताछ में खुलासा हुआ कि अंकित और रजनी का पिछले तीन साल से अफेयर चल रहा था। रजनी पिछले काफी समय से मानेसर में किराए पर रह रही थी।

सुनियोजित तरीके से की हत्या, फिर भागे नेपाल

आरोपी अंकित ने 21 मई 2026 को सुनियोजित योजना के तहत अपनी पत्नी को रजनी के किराए के कमरे पर बुलाया और वहां गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या में प्रयोग किया गया हथियार उसने दो महीने पहले उत्तर प्रदेश से खरीदा था। वारदात के बाद दोनों आरोपी पहले हरिद्वार गए और वहां से नेपाल भाग गए। पुलिस की दबिश के डर से आरोपी 30 जून को भारत वापस लौटे थे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आगामी पूछताछ और हथियार बरामदगी के लिए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर