गुरुग्राम: गेहूं के एमएसपी में 25 रुपये बढ़ोतरी को जेजेपी ने किसानों से मजाक

 


-पीएम को 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भेजकर जताया विरोध

गुरुग्राम, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जननायक जनता पार्टी की गुरुग्राम जिला इकाई द्वारा बुधवार को जिला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम दो ज्ञापन सौंपे गए। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान के नेतृत्व में नेता, कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे। सरकार की नीतियों के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।

जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र ठाकरान की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में मात्र 25 प्रति क्विंटल (25 पैसे प्रति किलो) की नाममात्र वृद्धि का कड़ा विरोध किया। पार्टी नेताओं ने इसे देश के अन्नदाता के साथ एक बड़ा मजाक बताते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई, प्राकृतिक आपदाओं, खाद, बीज, कीटनाशक व डीजल के बढ़ते दामों से किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है। सरकार के इस किसान विरोधी फैसले और अपमानजनक बढ़ोतरी के विरोध स्वरूप जेजेपी कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए 25 रुपये का बैंक ड्राफ्ट ज्ञापन के साथ संलग्न कर उपायुक्त को सौंपा। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते गेहूं की एमएसपी में कम से कम 150 प्रति क्विंटल की वृद्धि नहीं की गई और स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर फसलों की खरीद की कानूनी गारंटी नहीं दी गई, तो किसान और पार्टी चुप नहीं बैठेंगे।

दूसरे ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने देशभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मतदाता सूचियों में सामने आईं गंभीर विसंगतियों पर गहरा विरोध जताया। पार्टी नेताओं ने बताया कि देशभर में लगभग 13 करोड़ और हरियाणा में लगभग 37 लाख मतदाताओं के नाम गायब या रद्द होने की रिपोर्ट सामने आई है। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकरान जी ने मांग की कि इस पूरे मामले पर आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाए। भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 की भावना के अनुरूप किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार छीनना लोकतंत्र पर हमला है। इस मौके पर दीपचंद चेयरमैन, नरेन्द्र दहिया प्रदेश सचिव, डॉक्टर सौरभ गुप्ता, महिला जिलाध्यक्ष संतोष धारीवाल, पटौदी हल्का अध्यक्ष संदीप कुंडू, बादशाहपुर हल्का अध्यक्ष मुकेश लक्कड़, युवा जिलाध्यक्ष सन्नी कटारिया, किसान सेल के जिलाध्यक्ष बल्ले, समुन्द्र धनखड़ समेत कई कार्यगर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर