गुरुग्राम: मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष स्वर्णिम अध्याय: अमित शाह

 






-विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा के शुभारंभ समारोह में गृह मंत्री ने कही यह बात

-गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम में विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा को दिखाई हरी झंडी

गुरुग्राम, 07 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को गुरुग्राम में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। साइबर सिटी के सिग्नेचर टावर के पास आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्होंने यात्रा की मशाल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपी और युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके लाइव संबोधन को हजारों युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने सुना। पीएम मोदी ने सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराते हुए जनभागीदारी की अपील की। समारोह को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि सात अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र में विशेष महत्व रखता है। एक गरीब परिवार में जन्मे व्यक्ति ने अपनी क्षमता और प्रतिभा से 25 वर्षों तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने का रिकॉर्ड बनाया है। ये 25 वर्ष इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीबी उन्मूलन, अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद की समाप्ति, अयोध्या में राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। गरीब कल्याण योजनाओं से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

अमित शाह ने कहा कि मोदी के 25 वर्ष गरीब कल्याण, भारत के गौरव और राष्ट्र की प्रगति के 25 वर्ष हैं और इसी को यादगार बनाने के लिए यह सेवा ज्योति यात्रा निकाली जा रही है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं को सौंपी मशाल

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मशाल युवाओं को सौंपते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। यात्रा का शुभारंभ विकसित भारत सभा से हुआ, जिसमें हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं, कार्यकर्ताओं के साथ पैदल यात्रा करते हुए सिग्नेचर टावर के पास यात्रा की मशाल स्थापित की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश-प्रदेश का विकास तभी सार्थक होगा, जब हर व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचें और जीवन सुखी-समृद्ध बने। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, युवा अधिकारिता मंत्री गौरव गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी, भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, विधायक तेजपाल तंवर, बिमला चौधरी, मुकेश शर्मा मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर