योगमय हुआ गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर, कुलपति सहित स्टाफ, छात्रों ने किया योगाभ्यास
कुलपति बोले, योग को केवल एक दिन का उत्सव नहीं, जीवनशैली का हिस्सा बनाएं
गुरुग्राम, 21 जून (हि.स.)। गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कला एवं संस्कृति अध्ययन विभाग द्वारा रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस वर्ष के योग दिवस का मुख्य विषय स्वस्थ आयु के लिए योग रखा गया, जिसके माध्यम से बढ़ती उम्र में योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया I
विश्वविद्यालय के सेक्टर-51 स्थित मुख्य ऑडिटोरियम में शुरू हुए इस विशेष आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ संजय कोशिक ने मुख्य अतिथि के नाते कार्यक्रम में शिरकत की I इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया I योग विशेषज्ञ द्वारा वरिष्ठ नागरिकों और आम जनमानस के लिए उपयोगी योगासनों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया I डॉ संजय कौशिक ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष जोर दिया कि योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर ही एक स्वस्थ, सक्रिय और दीर्घायु जीवन प्राप्त किया जा सकता है I उन्होंने विशेष रूप से इस वर्ष की थीम पर बात करते हुए कहा कि हमारी युवा पीढ़ी का यह दायित्व है कि वे अपने घर के बुजुर्गों को योग से जोड़ें ताकि वे एक 'स्वस्थ वृद्धावस्था' का आनंद ले सकें। कुलपति ने इस बात पर जोर दिया कि यदि समाज का वरिष्ठ वर्ग स्वस्थ और ऊर्जावान रहेगा, तो उनका अनुभव और मार्गदर्शन देश की तरक्की में सबसे बड़ा संबल बनेगा I इस अवसर पर डॉ. राकेश योगी, डॉ अशोक खन्ना,डॉ सीमा महलावत, डॉ कार्तिकेय, अनूप सिंह समेत विवि के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे I
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर