गुरुग्राम विवि में हरियाणवी कलाकार अमन जाजी के साथ थिरके छात्र-छात्राएं
-विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया सत्रारंभ उत्सव
गुरुग्राम, 10 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय गुरुग्राम विश्वविद्यालय के मानविकी संकाय विभाग द्वारा सेक्टर-51 में सत्रारंभ उत्सव मनाया गया। नवागंतुक विद्यार्थियों के अभिनंदन तथा प्रबोधन के इस विशेष कार्यक्रम का विषय संवेदना, समाज और संवाद रहा। सबसे आकर्षक और यादगार क्षण बना हरियाणवी अभिनेता एवं गायक अमन जाजी की दमदार प्रस्तुति।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने की।
उन्होंने कहा कि मैं सभी नवागंतुक विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करता हूं और कामना करता हूं कि वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। इस मौके पर जोनाथन फिलेमन नितिन ब्रैडी (नितिन आरजे) ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर संरक्षक कुलसचिव, डॉ. संजय अरोड़ा ने अपने व्यक्तिगत उदाहरणों के माध्यम से छात्रों को प्रेरित किया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अमन जाजी के लोकप्रिय गानों पर जमकर नाचे। जब अमन जाजी ने अपने हिट गीतों पर प्रस्तुति दी, विद्यार्थियों से संवाद किया तो युवाओं ने जमकर तालियां बजाईं और थिरकने लगे। अमन जाजी की मौजूदगी ने पूरे कार्यक्रम को ऊर्जा और लोकप्रियता का नया रंग दे दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रतिबिंब शर्मा ने सोशल मीडिया, संवेदना और समाज के बीच संवाद के महत्व पर अपने विचार सांझा किए। उन्होंने युवाओं को डिजिटल दुनिया में संतुलित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सलाह दी। वरिष्ठ पत्रकार ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नो के उत्तर दिए। इस मौके पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर