गुरुग्राम: दस साल के बच्चे से गला घोंटकर मोबाइल लूटने का आरोपी गिरफ्तार

 

घटना के वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 24 घंटे में नाबालिग आरोपी दबोचा

सेक्टर-14 पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई

गुरुग्राम, 04 जुलाई (हि.स.)। गला घोंटकर मोबाइल लूटने के वायरल वीडियो पर गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि यह वारदात प्रेम नगर इलाके में हुई थी। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-14 में शिकायत दी कि उसका 10 वर्षीय बेटा अपनी बहन का मोबाइल फोन लौटाने गया था। इसी दौरान प्रेम नगर में एक युवक ने पीछे से बच्चे का गला दबाकर उससे मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-14 गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-14 और क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की। शनिवार को पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले नाबालिग को गुरुग्राम बस स्टैंड के पास से काबू कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नाबालिग से पूछताछ की जा रही है। लूटा गया मोबाइल फोन बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को अकेले महंगे सामान के साथ न भेजें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर