गुरुग्राम: उबर कैब ड्राइवर ने युवती को कैब में बनाया बंधक
-आरोपी ने युवती के घर में घुसने की भी कोशिश
-625 रुपये की बुकिंग के बदले मांगे 1,479 रुपये
गुरुग्राम, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आ रही एक युवती के साथ उबर कैब ड्राइवर की दबंगई का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि तय किराए से दोगुना किराया मांगने पर विरोध करने पर ड्राइवर ने उसे कैब में बंधक बना लिया और सामान नहीं उतारने दिया। गुरुग्राम पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और युवती के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पीडि़ता के अनुसार उसने बुधवार की सुबह 04:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से गुरुग्राम के लिए उबर कैब बुक की थी। ऐप पर किराया 625 रुपये दिख रहा था, लेकिन मंजिल पर पहुंचते ही ड्राइवर ने 1,479 रुपये की मांग कर दी। युवती ने ऐप पर दिख रहे किराए का हवाला दिया तो ड्राइवर दूसरी कैब कंपनी का किराया दिखाकर दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर ड्राइवर ने कथित तौर पर कैब लॉक कर दी, युवती का सामान रोक लिया और बाजू पकडक़र धक्का-मुक्की की। डर के कारण युवती को मांगी गई रकम देनी पड़ी। आरोप है कि इसके बाद भी ड्राइवर ने घर में घुसने की कोशिश की और गेट पीटता रहा। युवती ने उबर ऐप पर शिकायत का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर सोशल मीडिया पर आपबीती पोस्ट की। पोस्ट वायरल होने के बाद उबर ने आरोपी ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक करने की जानकारी दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर