गुरुग्राम: ट्रक में लगी आग से जिंदा जला ड्राइवर, दर्दनाक मौत
-कंपनी की पार्किंग में खड़ा कर रखा था ट्रक
गुरुग्राम, 09 नवंबर (हि.स.)। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के खैंटावास गांव में एएमसी पार्किंग में खड़े ट्राले में सोमवार रात को आग लग गई। ट्राले के अंदर मौजूद चालक पवन सिंह की जलकर मौत हो गई। पवन सिंह (37) उत्तर प्रदेश के कानपुर के श्याम नगर निवासी थे। वे एएमसी कंपनी में ट्राला चलाते थे।
जानकारी के मुताबिक आठ व नौ नवंबर की रात पवन सिंह ट्राला लेकर एएमसी पार्किंग में थे। बताया गया कि वह ट्राले के अंदर शराब पी रहा था। इसी दौरान आग लग गई और तेजी से फैल गई। पवन सिंह बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुग्राम की मॉर्चरी में रखवाया गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर