गुरुग्राम: चालान के थे साढ़े 83 हजार रुपये लंबित, फॉच्र्यूनर की इंपाउंड

 

गुरुग्राम, 30 मई (हि.स.)। यातायात नियमों की अवहेलना और 90 दिन से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने पर गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक फॉच्र्यूनर गाड़ी को इंपाउंड कर दिया। लंबित चालानों में मुख्य रूप से गाड़ी पर ब्लैक फिल्म का अवैध इस्तेमाल और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाना शामिल था।

यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 29 मई को यातायात निरीक्षक लोकेश और उनकी टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक फॉच्र्यूनर गाड़ी को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में गाड़ी पर यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े 10 चालान लंबित पाए गए, जिनकी कुल बकाया राशि साढ़े 83 हजार रुपये थी। 90 दिन से अधिक समय से चालान लंबित होने और जुर्माना न भरने पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करवा दिया। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और समय पर चालानों का भुगतान करें। पुलिस ने कहा कि बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर