गुरुग्राम: कार-जीप के लिए खेडक़ीदौला टोल टैक्स हुआ 100, द्वारका एक्सप्रेसवे पर 225 रुपये
-छह माह में हो चुकी है 20 रुपये की बढ़ोतरी
-बार-बार दावों के बाद भी टोल प्लाजा नहीं हट रहा, टोल टैक्स बढ़ रहा
गुरुग्राम, 01 अप्रैल (हि.स.)। वित्त वर्ष 2026-27 के पहले ही दिन टोल टैक्स की दरें बढ़ गई हैं। गुरुग्राम से जयपुर नेशनल हाइवे-48 पर खेडक़ीदौला टोल प्लाजा अब 100 रुपये प्रति चक्कर हो गया है। गुरुग्राम से दिल्ली जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा की दरें 225 रुपये हो गई हैं।
दिल्ली से जयपुर जाने के लिए गुरुग्राम-जयपुर नेशनल हाइवे-48 पर खेडक़ीदौला टोल प्लाजा है। इस टोल पर पिछले छह माह में अब के पांच रुपये की बढ़ोतरी के साथ 20 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। अब यहां पर पूरे हल्के वाहनों कार-जीप के लिए पूरे 100 रुपये प्रति चक्कर (एक तरफ का) टोल हो गया है। बस-ट्रक का टोल टैक्स अब 330 से 335 रुपये हो गया है। सात या इससे अधिक एक्सल वाले भारी वाहनों का टोल अब 1465 रुपये प्रति चक्कर हो गया है। सोहना रोड पर घामड़ोज प्लाजा पर हल्के वाहनों कार-जीप के लिए टोल 125 रुपये से बढ़ाकर 130 कर दिया गया है। गुरुग्राम से एयरपोर्ट, द्वारका जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स 220 रुपये से बढ़ाकर 225 रुपये प्रति चक्कर कर दिया गया है। नई दरें बुधवार एक अप्रैल से लागू हो चुकी हैं। रोजाना 70 हजार से अधिक वाहन गुरुग्राम-जयपुर हाइवे-48 के खेडक़ीदौला टोल से गुजरते हैं। ऐसे में इन वाहनों पर टोल की मार पड़ेगी। टोल प्लाजा के आगे काफी रिहायशी सोसायटियां बनी हुई हैं। इनमें रहने वाले लोगों को टोल देकर अपने घर, दफ्तर आना-जाना पड़ता है। हालांकि टोल को हटाने के लिए केंद्र सरकार के स्तर पर कई बार दावे किए जा चुके हैं। यहां के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा भी इस टोल को गुरुग्राम में राजनीतिक रूप से भुनाया जाता है, लेकिन जनता को वे अभी तक राहत नहीं दिला पाए हैं। गुरुग्राम व मानेसर नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले खेडक़ीदौला टोल हटाने की उम्मीद बार-बार जगती है और बुझ जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर