गुरुग्राम: मॉल से साडिय़ां चोरी करने के मामले में महिला गिरफ्तार

 


आरोपी महिला के कब्जे से दो हजार रुपये बरामद किए

गुरुग्राम, 17 मार्च (हि.स.)। यहां एक मॉल से साडिय़ों चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि डीएलएफ सेक्टर-29 पुलिस थाना में केस दर्ज किया गया है। प्रवक्ता के अनुसार 19 सितंबर 2025 को एक महिला ने पुलिस थाना डीएलएफ सेक्टर-29 गुरुग्राम की पुलिस को एक लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि 15 सितंबर 2025 को मीना बाजार शोरूम सेंट्रल मॉल गुरुग्राम से साडिय़ां व सूट चोरी हो गए हैं। इस शिकायत पर पुलिस थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में केस दर्ज किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस टीम द्वारा इस मामले में तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को पहले काबू किया गया था। जिनकी पहचान राजकुमार, पिंकी, लक्ष्मी व सुनीता के रूप में हुई। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस टीम ने अब इस मामले में एक और महिला इंद्रकौर को काबू किया है। वह दिल्ली की रहने वाली है। आरोपी महिला से पुलिस पूछताछ में पता चला है कि वे अपने एक साथी आरोपी राजकुमार के साथ दिल्ली से आई थी। योजनानुसार अपने अन्य साथी महिला आरोपी पिंकी, लक्ष्मी, सुनीता के साथ उपरोक्त शोरूम में चुंबक की मदद से साडिय़ों के टैग उतारकर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की गई साडिय़ों में से 13 साडिय़ां चोर बाजार दिल्ली में 15 हजार रुपये में बेच दीं। पुलिस टीम द्वारा इस मामले में आरोपी इन्दर कौर से बरामद दो हजार रुपए सहित अब तक आरोपियों के कब्जा से चोरी हुई दो साडिय़ां, सात हजार रुपये की नकदी व चोरी करने की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई दो चुंबक बरामद की गई है। आरोपी राजकुमार, पिंकी, लक्ष्मी, सुनीता व इंद्रकौर सहित पांच आरोपियों को काबू किया जा चुका है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी महिला इन्द्रकौर को अभियोग में नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर