गुरुग्राम: ट्रांसपोर्ट की गाड़ी से आईफोन चोरी करने के मामले में चालक सहित दो काबू

 

-कब्जे से चोरी हुए 32 आईफोन, वारदात में प्रयोग किया गया कैंटर व प्लास बरामद

-45 लाख रुपये कीमत के मोबाइल चोरी कर खाली बॉक्स कार्टून में छोड़ दिए थे

गुरुग्राम, 06 नवंबर (हि.स.)। ट्रांसपोर्ट की सील बंद गाड़ी से 32 आईफोन चोरी करने के मामले में अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस टीम ने गाड़ी के चालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी 32 आईफोन, वारदात में प्रयोग किया गया कैंटर और एक प्लास बरामद किया गया है।

आरोपियों की पहचान अमित पांडे (उम्र-30 वर्ष) निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद व कार्तिकेय श्रीवास्तव उर्फ कार्तिक (उम्र-32 वर्ष) निवासी सत्य नगर, रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी अमित पांडे को दो नवंबर को गांव पाली, फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया, जबकि कार्तिकेय को पांच नवंबर को लखनऊ (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। अमित को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना फर्रुखनगर में शिकायत दी थी कि श्रीजी फ्रेट कैरियर द्वारा रिलायंस रिटेल लिमिटेड, फर्रुखनगर से कुल 206 कार्टून सामान एक सील बंद गाड़ी के माध्यम से चौड़वार, कटक (उड़ीसा) भेजे गए थे। गाड़ी को चालक अमित पांडे चला रहा था।

गंतव्य स्थान पर पहुंचने पर गाड़ी की सील सही सलामत मिली, लेकिन सामान की जांच करने पर 32 कार्टून में से वास्तविक मोबाइल फोन गायब मिले, जबकि उनके खाली बॉक्स व कवर कार्टून में मौजूद थे। इस प्रकार आरोपियों ने करीब 45 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी किए थे। शिकायत के आधार पर थाना फर्रुखनगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ट्रांसपोर्ट के दौरान सील बंद गाड़ी से 32 कार्टन में रखे मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। चोरी का पता न चले, इस इरादे से खाली बॉक्स व कवर कार्टून में ही छोड़ दिए थे। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 32 आईफोन, वारदात में प्रयोग किया गया एक कैंटर तथा एक प्लास बरामद कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर