गुरुग्राम के सुदर्शन मंदिर में चोरी, छह घंटे में पकड़ा चोर

 


-4.7 किलो चांदी बरामद व 34 हजार रुपये बरामद

-मंदिर के पूर्व सुरक्षाकर्मी ने ही चोरी की वारदात को दिया अंजाम

गुरुग्राम, 30 सितंबर (हि.स.)। यहां न्यू कॉलोनी चौक स्थित सुदर्शन माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात को गुरुग्राम पुलिस ने महज छह घंटे में सुलझा लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने चोरी के आरोपी पूर्व सुरक्षाकर्मी को रोहतक से गिरफ्तार कर 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहताश (53 वर्ष) निवासी गांव चुलियाना, जिला रोहतक के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 4.786 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 34,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, बुधवार 30 सितंबर सुबह करीब पांच बजे मंदिर के पुजारी ने कमेटी सदस्य को फोन कर मंदिर मं चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर हनुमान जी का छत्र, माता रानी के कानों के कुंडल, मुकुट के साथ लगा चक्र, अन्य चांदी के आभूषण और दान पात्र चोरी मिला था। शिकायत पर थाना शहर में केस दर्ज किया गया। एएसआई संजय, हेड कांस्टेबल कुलदीप, हेड कांस्टेबल सोनू और सिपाही संजय की टीम ने मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को रोहतक जिला के गांव चुलियाना से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले 12 वर्षों से इसी मंदिर में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करता था। करीब दो महीने पहले नौकरी छोडक़र चला गया था। लंबे समय तक मंदिर में रहने के कारण उसे मंदिर की व्यवस्था और आभूषणों के बारे में पूरी जानकारी थी। मूर्तियों पर बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने रात के समय वारदात को अंजाम दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर