गुरुग्राम: भाजपा व चुनाव आयोग की मिलीभगत को किया जाएगा उजागर: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

 


-केंद्र और राज्यों की सत्ता हथियाकर लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है भाजपा: हरिप्रसाद

-दिल्ली में 14 दिसंबर को होने वाली महारैली को लेकर ली बैठक

गुरुग्राम, 4 दिसंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस की दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को लेकर गुरुवार को यहां बादशाहपुर स्थित वाटिका चौक के निकट कांग्रेस जिला ग्रामीण कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र भगेल, कार्यकारी अध्यक्षजितेंद्र भारद्वाज शामिल रहे।

बैठक में जहां महारैली की सफलता के लिए रणनीति बनाई गई, वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी-दादरी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, सांसद प्रत्याशी, जिला अध्यक्ष एवं सभी प्रमुख नेताओं ने महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई। बैठक में कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर व ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन यादव ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा, कर्नाटक की वोट चोरी को देश के सामने लाकर भाजपा और चुनाव आयोग की सांठगांठ को उजागर किया। भाजपा सरकार ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ सहित हर जगह वोट चोरी के खिलाफ उठी आवाज को दबाने की कोशिश की है, लेकिन हम रुकने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर की रामलीला मैदान में तैयारियां शुरु कर दी है। महारैली में कांग्रेस कार्यकर्ता हरियाणा से कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता रामलीला मैदान में पहुंचेगा। उन्होंने जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों को वोट चोरी के खिलाफ जन जागरुकता अभियान को तेज करने और वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली को सफल बनाने का आव्हान किया।

हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक बनाने के लिए हमें 14 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचना है। भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए दिल्ली से देश भर की जनता को एक संदेश पहुंचाना है। बताना है कि संवैधानिक व्यवस्था में आपके वोट के अधिकार की चोरी करके भाजपा केंद्र और राज्यों की सत्ता हथियाकर लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की वोट चोरी करके सत्ता हासिल करने की साजिश लगातार जारी है। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़ा खेल किया। भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर रही है। जनता के अधिकारों को दबा दिया है। उन्होंने कहा कि यह महारैली ऐतिहासिक होगी। इसमें देश का हर नागरिक, कांगे्रसी अपनी अहम भूमिका निभाकर भाजपा सरकार व चुनाव आयोग की साठगांठ को उजागर करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में 14 दिसम्बर को रामलीला मैदान पहुंचे, ताकि कांग्रेस को मजबूत किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर