गुरुग्राम की पार्किंग में सो रही महिला को थार गाड़ी ने कुचला, मौत
-सोसायटी में पार्किंग में सो रही थी घरेलू सहायिका
गुरुग्राम, 15 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी की पार्किंग में सो रही घरेलू नौकरानी को एक थार गाड़ी ने कुचल दिया। यह घटना उस समय हुई जब गाड़ी चालक महिला थार गाड़ी बैक कर रही थी। थार कार चालक महिला ने पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक महिला की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई। गुड्डी सोसाायटी के फ्लैट नंबर-4011 में काम पूरा करने के बाद ग्राउंड फ्लोर पर कार पार्किंग में सो रही थी। इस दौरान बिल्डिंग में रहने वाली महिला अपनी थार गाड़ी को बैक कर रही थी। उसकी गाड़ी पार्किंग में सो रही महिला के ऊपर से गुजर गई। गाड़ी से उतरकर महिला ने देखा तो महिला बुरी तरह से गंभीर हो गई। वह उसे अपनी गाड़ी में डालकर अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर्स ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गाड़ी चालक महिला उसके शव को वापस सोसायटी ले गई और जहां वह कुचली थी वहां पर रख दिया। मृतक महिला के भतीजे ने बताया कि थार गाड़ी चालक महिला ने शव को वापस पार्किंग में रख दिया। जब उसे इस बारे में पता लगा वह और परिवार के सदस्य इक्कठे हुए और हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर